अरुणा शंकर दूसरी बार बनीं मेदिनीनगर निगम की मेयर, अपने प्रतिद्वंदी से 3122 वोट रहीं आगे
अर्धरात्रि में घोषित हुआ परिणाम, फूल माला से महिला समर्थकों ने निर्वाचित मेयर अरूणा शंकर का किया स्वागत

मेदिनीनगर (पलामू) : मेदिनीनगर नगर निगम चुनाव में महापौर पद पर एक बार पुनः अरूणा शंकर ने अपना कब्जा जमा लिया। भाजपा समर्थित महापौर प्रत्याशी अरूणा शंकर ने तमाम प्रयास व कयासों को दरकिनार कर एक बार फिर महापौर पद पर जीत हासिल कर लिया। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार नम्रता त्रिपाठी को 3122 वोटों से शिकस्त दी। अरूणा शंकर को 24169 वोट मिले। वहीं नम्रता त्रिपाठी को 21047 मत प्राप्त हुए। तीसरे स्थान पर झामुमो समर्थित उम्मीदवार पूनम सिंह रहीं। उन्हें 12809 मत से संतोष करना पड़ा।
मतगणना के पहले राउंड में नम्रता त्रिपाठी ने बढ़त बनाई थी। 1677 वोट से आगे चल रही थी। नम्रता को 5217 व अरुणा शंकर को 3540 मत प्राप्त हुए थे। पूनम सिंह को 3180 वोट मिले थे। दूसरे राउंड की गिनती के बाद प्रथम महापौर अरुणा शंकर 296 वोट से आगे निकल गयी। इस राउंड में अरुणा शंकर ने लंबी छलांग लगाई। वे 3540 मत से सीधे 8030 मत तक पहुंच गई। उनके मत में 4490 वोट की बढ़ोतरी हुई। नम्रता त्रिपाठी के मतों में भी बढ़ोतरी हुई उन्हें 7734 मत प्राप्त हुए। पूनम सिंह को 5186 मत मिले।
तीसरे राउंड की गिनती के बाद नम्रता त्रिपाठी 171 वोट से आगे हो गयी थी। इस राउंड तक नम्रता को 13020 मत व अरूणा शंकर को 12849 मत मिले। पूनम सिंह को 7247 मत प्राप्त हुए। चौथे राउंड में अरूणा शंकर को 4929 मत मिले, जबकि नम्रता को 3274 व पूनम सिंह को 2973 वोट से संतोष करना पड़ा। अरूणा शंकर ने इस राउंड में 1484 वोट से बढ़त बना ली। अरूणा शंकर को कूल 17778 मत मिले व नम्रता को 16294 एवं पूनम सिंह को 10220 मत प्राप्त हुए।
पांचवे व अंतिम राउंड की गिनती के बाद अरूणा शंकर ने अपनी बढ़त बरकरार रखते हुए 3122 मत से जीत हासिल कर लीं। इस राउंड में अरूणा शंकर को 6391, नम्रता को 4753 व पूनम को 2589 मत मिले।

मेदिनीनगर नगर निगम की मतदाताओं का कृतज्ञ व जीत से हूं अभिभूत : अरूणा शंकर
मेदिनीनगर नगर निगम का चुनाव जीतने के बाद मतगणना हाल से बाहर निकली अरूणा शंकर को महिला वार्ड पार्षदों ने फूलमालाओं से स्वागत किया। मौके पर मीडिया से बात करते हुए अरूणा शंकर ने कहा- नगरवासियों सारे भाई वह सारी मीडिया के प्रति आभारी व कृतज्ञ हूं। जीत से अभिभूत हूं। मैं आप सभी का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए नमन करती हूं। मेदिनीनगर के मेरे सम्मानित मतदाताओं, पूज्य बुजुर्गों, शक्ति स्वरूपा माताओं-बहनों, ऊर्जावान युवा साथियों ने जिस उत्साह के साथ मतदान किया व मुझ पर स्नेह व अटूट विश्वास दिखाया है। जीत का सारा श्रेय मेदिनीनगर निगम की जनता को जाता है। कहा कि वे अब नए व पुराने जीतकर आए सभी पार्षदों के साथ मिल बैठकर संबंधित वार्ड के डिमांड के अनुसार विकास किया जाएगा। जिस तरह की योजनाएं आएंगी उसका पूरा-पूरा लाभ सभी वार्ड को दिया जाएगा।