ताज़ा-ख़बर

लाल बिल्डिंग चौक पर रोमांच का शिखर, एक के ऊपर एक चढ़कर दिखाए हैरतअंगेज करतब

रिपोर्ट: MANISH 7 घंटे पहलेझारखण्ड

दर्जन भर रामनवमी जुलूस में युवाओं का अद्भुत प्रदर्शन, गम्हरिया बना साहस और श्रद्धा का केंद्र

लाल बिल्डिंग चौक पर रोमांच का शिखर, एक के ऊपर एक चढ़कर दिखाए हैरतअंगेज करतब

गम्हरिया : लाल बिल्डिंग चौक पर शनिवार को रामनवमी जुलूस के दौरान अद्भुत नजारा देखने को मिला जहां दर्जन भर अखाड़ा समितियों के युवाओं ने एक के ऊपर एक चढ़कर रोमांचकारी करतब दिखाए। इस दृश्य ने वहां मौजूद हजारों श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरा चौक तालियों और जयकारों से गूंज उठा। रामनवमी के अवसर पर निकले विभिन्न जुलूस जब लाल बिल्डिंग चौक पहुंचे तो यहां अखाड़ा के खिलाड़ियों ने अपने कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। युवाओं ने मानव पिरामिड बनाते हुए संतुलन, साहस और समन्वय का ऐसा प्रदर्शन किया जिसे देखकर लोग दंग रह गए। एक बार तो कीलों पर लेटे युवक के ऊपर खड़े होकर एक युवक ने दर्जनों लोहे के छोटे छोटे रॉड अपने मुंह और गले के आरपार करते हुए कई ट्यूबलाइट अपने दांतों से तोड़ दिए जिससे माहौल रोमांच से भर उठा। ढोल-नगाड़ों की गूंज और जय श्री राम के नारों के बीच इन करतबों ने धार्मिक उत्साह को और भी ऊंचाई दी। दर्शकों ने मोबाइल कैमरों में इन पलों को कैद किया और खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते रहे। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल रामनवमी पर इस तरह के करतब देखने को मिलते हैं लेकिन इस बार का प्रदर्शन और भी भव्य और आकर्षक रहा। युवाओं की कड़ी मेहनत और अभ्यास इस प्रस्तुति में साफ झलक रही थी। इस दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। आयोजन समितियों ने भी अनुशासन और सावधानी का पूरा ध्यान रखा। रामनवमी के इस आयोजन ने गम्हरिया को न सिर्फ भक्ति में सराबोर किया बल्कि युवाओं की ऊर्जा, साहस और एकता का भी शानदार प्रदर्शन किया। लाल बिल्डिंग चौक का यह दृश्य लोगों के लिए लंबे समय तक यादगार बन गया।

इन्हें भी पढ़ें.