चैनपुर में तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकराई: हादसे में पीछे बैठे युवक मुन्नू सिंह की दर्दनाक मौत, चालक मौके से फरार
चैनपुर से बेर्री गांव लौट रहे थे दोनों युवक; अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित,

चैनपुर से बेर्री गांव लौट रहे थे दोनों युवक; अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित, वहीं दूसरी घटना में दरगाह के पास बाइक दुर्घटना में धनीराम असुर घायल
चैनपुर-: चैनपुर थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना का एक दहला देने वाला मामला सामने आया है जहां चैनपुर-डुमरी मुख्य मार्ग पर पुलवार टोली के पास एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क के पेड़ से जा टकराई। इस भीषण टक्कर में बाइक के पीछे बैठा एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया जिसकी अस्पताल ले जाने के दौरान मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान मुन्नू सिंह (उम्र 30 वर्ष) के रूप में हुई है जो चैनपुर से अपनी बाइक पर सवार होकर अपने घर बेर्री गांव लौट रहा था। पुलवार टोली के पास मोटरसाइकिल सीधे सड़क के डिवाइडर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक चला रहा युवक तो बच निकला और मौका पाकर वहां से फरार हो गया लेकिन पीछे बैठा मुन्नू सिंह बुरी तरह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय राहगीरों और आसपास के लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए तत्परता दिखाई और एक ऑटो की मदद से घायल मुन्नू सिंह को तुरंत चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। लेकिन अस्पताल पहुंचते ही ऑन-ड्यूटी डॉक्टर ने जांच के बाद मुन्नू सिंह को मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दूसरी घटना: दरगाह के पास बाइक दुर्घटना में धनीराम असुर घायल चैनपुर थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना का एक अन्य मामला दरगाह के पास प्रकाश में आया है। यहां चैनपुर बाजार से अपने घर लौट रहे धनीराम असुर एक अन्य बाइक दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। लगातार हो रही इन सड़क दुर्घटनाओं ने क्षेत्र में वाहन चालकों की लापरवाही और तेज रफ्तार पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।