ताज़ा-ख़बर

रामकृष्णा फोर्जिंग्स प्लांट-1 में वेतन समझौता, कर्मचारियों के वेतन में 23% तक वृद्धि

रिपोर्ट: MANISH 36 मिनट पहलेझारखण्ड

अधिकतम 12,500 रुपये की बढ़ोतरी, पांच ठेका श्रमिक होंगे स्थायी, चार साल के लिए ग्रेड रिवीजन

रामकृष्णा फोर्जिंग्स प्लांट-1 में वेतन समझौता, कर्मचारियों के वेतन में 23% तक वृद्धि

गम्हरिया : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित रामकृष्णा फोर्जिंग्स लिमिटेड के प्लांट-1 में प्रबंधन और यूनियन के बीच सौहार्दपूर्ण वातावरण में ग्रेड रिवीजन समझौता संपन्न हुआ। समझौते के तहत कर्मचारियों के बेसिक और वीडीए में 23 प्रतिशत वृद्धि पर सहमति बनी है। इससे कर्मचारियों के मासिक वेतन में न्यूनतम 5,225 रुपये और अधिकतम 12,500 रुपये तक की बढ़ोतरी होगी। समझौते से कर्मचारियों में खुशी का माहौल है। समझौते के अनुसार रात्रि पाली और हिट भत्ता में पांच रुपये प्रतिदिन तथा वाहन भत्ता में 10 रुपये प्रतिदिन की वृद्धि की गई है। मेडिक्लेम के अतिरिक्त बाह्य चिकित्सा खर्च की वार्षिक राशि भी एक हजार रुपये बढ़ाकर छह हजार रुपये कर दी गई है। अन्य भत्तों में भी नियमानुसार वृद्धि का निर्णय लिया गया है। समझौते की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि पांच ठेका श्रमिकों को तत्काल स्थायी करने पर सहमति है। चार वर्षों के लिए हुआ यह समझौता एक अप्रैल 2026 से प्रभावी माना जाएगा और 31 मार्च 2030 तक लागू रहेगा। कर्मचारियों को मिलने वाली एरियर राशि नवंबर माह के वेतन के साथ उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी। समझौते पर प्रबंधन की ओर से सीओओ शक्ति प्रसाद सेनापति, चीफ ह्यूमन रिसोर्सेज ऑफिसर भूपेंद्र लोधी, प्लांट हेड एम. बाला मुरली कृष्णा और सहायक महाप्रबंधक (एचआर) रिंटू मुखर्जी ने हस्ताक्षर किए। यूनियन की ओर से अध्यक्ष अभय कुमार लाभ, उपाध्यक्ष दिनेश राम, महामंत्री तारकेश्वर यादव, कोषाध्यक्ष अच्छेलाल यादव, संयुक्त सचिव नवल झा, संगठन सचिव शैलेन्द्र सिंह तथा सदस्य विपुल गोलदार और अशोक मिश्रा ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। दोनों पक्षों ने आपसी सहयोग और सौहार्दपूर्ण औद्योगिक संबंध बनाए रखने की प्रतिबद्धता जताई। समझौता संपन्न होने पर कर्मचारियों ने प्रबंधन और यूनियन पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके बाद कंपनी गेट पर गाजे-बाजे के साथ यूनियन पदाधिकारियों का स्वागत किया गया। मजदूरों ने उन्हें माला पहनाकर और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया तथा एक-दूसरे के बीच मिठाइयां बांटकर खुशी जाहिर की।

इन्हें भी पढ़ें.