ताज़ा-ख़बर

चैनपुर में बदला मौसम का मिजाज, झमाझम बारिश से लोगों को गर्मी से मिली राहत

रिपोर्ट: शनिरंजन 23 घंटे पहलेझारखण्ड

तेज हवाओं और प्री-मानसून बारिश से मौसम हुआ सुहाना, बिजली कटने से जनजीवन आंशिक प्रभावित

चैनपुर में बदला मौसम का मिजाज, झमाझम बारिश से लोगों को गर्मी से मिली राहत

चैनपुर, गुमला : जिले के चैनपुर प्रखंड एवं आसपास के ग्रामीण इलाकों में शुक्रवार सुबह मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी, उमस और चिलचिलाती धूप से परेशान लोगों को आज सुबह हुई झमाझम बारिश ने बड़ी राहत दी। सुबह होते ही आसमान में घने काले बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ प्री-मानसून बारिश शुरू हो गई। बारिश के बाद तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान लगभग 25 से 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जिससे मौसम काफी सुहावना हो गया। कल तक जहां लोग सुबह से ही तेज धूप और गर्मी से परेशान थे वहीं आज ठंडी हवाओं और बारिश का आनंद लेते नजर आए। इस बारिश से किसानों के चेहरे भी खिल उठे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों में नई फसल की तैयारी के लिए यह बारिश काफी लाभदायक साबित होगी। वहीं बारिश के साथ तेज हवाएं चलने के कारण सुरक्षा के मद्देनजर चैनपुर मुख्यालय सहित कई ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर दी गई। अचानक बदले मौसम के कारण दैनिक मजदूरों और सुबह काम पर निकलने वाले लोगों को कुछ परेशानियों का सामना भी करना पड़ा। कई जगहों पर लोग बारिश से बचने के लिए दुकानों और छज्जों के नीचे शरण लेते नजर आए। हालांकि भीषण गर्मी से राहत मिलने के कारण लोगों में खुशी का माहौल देखा गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय बाद मौसम ने राहत दी है और यदि इसी तरह बारिश होती रही तो गर्मी से काफी हद तक राहत मिलेगी।

इन्हें भी पढ़ें.