गांवा में पेयजल और सड़क को लेकर हाहाकार, अधिकारी बेफिक्र
झामुमो ने लिया जायजा, JE बोले "जल्द कनेक्शन चालू होगा

गांवा: गांवा प्रखंड के ग्रामीण आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। मंगलवार को झामुमो युवा मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष शुभम भानु ने गांवा पंचायत के हड़हड़ा सहित कई गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की पीड़ा सुनी। ग्रामीणों ने सबसे पहले टूटी-फूटी सड़क और पीने के पानी की किल्लत का मुद्दा उठाया। लोगों का कहना था कि महीनों से नल सूखे पड़े हैं, टैंकर भी नहीं आते और सड़क के गड्ढों में चलना मुश्किल हो गया है।
सड़क की जर्जर हालत देख शुभम भानु ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि वे जल्द संबंधित विभाग के अधिकारियों से मिलकर स्थायी समाधान कराएंगे। वहीं पेयजल समस्या पर उन्होंने मौके से ही PHED के कनीय अभियंता से फोन पर बात की। JE ने बताया कि हड़हड़ा गांव को शेरूआ जलापूर्ति योजना से जोड़ दिया गया है और "जल्द ही सभी घरों में नल कनेक्शन चालू कर दिया जाएगा।"
लेकिन ग्रामीणों का सवाल है कि "जल्द" कब होगा? गर्मी में पानी के बिना घरों में चूल्हे तक नहीं जल रहे और अधिकारी सिर्फ आश्वासन दे रहे हैं।
दौरे में झामुमो गांवा पंचायत अध्यक्ष बासुदेव यादव, अफसर अंसारी, मंजूर अंसारी, गुलशन खातून, शारजहां खातून सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर 15 दिन में पानी और सड़क की समस्या हल नहीं हुई तो वे आंदोलन को मजबूर होंगे।