प्रेम विवाह का दुखद अंत: शादी के जोड़े में फंदे पर झूला युवा दंपति
दंपति के बीच किसी तरह के विवाद या तनाव की बात सामने नहीं आई थी।

सागर, । मध्य प्रदेश के सागर जिले के रहली थाना क्षेत्र के ग्राम चांदपुर (मुठिया टोला) से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। करीब दो वर्ष पहले प्रेम विवाह करने वाले एक युवा दंपति ने बुधवार गुरुवार की देर रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतकों की पहचान राजेंद्र उर्फ गोलू (22) और उनकी पत्नी काजल पटेल (21) के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि दोनों ने आत्महत्या से पहले अपनी शादी के कपड़े पहने। एक-दूसरे को आखिरी बार उसी रूप में देखने के बाद वे खेत पर बने मकान के एक कमरे में गए और फंदे पर झूल गए। घटना के समय घर में अन्य सदस्य मौजूद नहीं थे। राजेंद्र की मां का पहले ही निधन हो चुका था और वह अपने पिता व छोटे भाई के साथ रहता था। वारदात के समय पिता खेत के दूसरे हिस्से में थे, जबकि छोटा भाई घर से बाहर गया हुआ था।
परिजनों के अनुसार दंपति के बीच किसी तरह के विवाद या तनाव की बात सामने नहीं आई थी। परिवार मजदूरी और खेती-किसानी कर जीवन यापन करता था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर शवों को नीचे उतारकर पंचनामा तैयार किया। बाद में शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रहली भेजा गया।
ड्यूटी डॉक्टर प्रशांत हजारी ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस पारिवारिक और आर्थिक पहलुओं सहित सभी एंगल से जांच कर रही है।