नशा का जो हुआ शिकार उजड़ा उसका घर परिवार : पीओ विनोद कुमार दीपक
राजहरा कोलियरी में चलाया गया नशा मुक्त भारत अभियान

पीओ सहित कई पदाधिकारियों व कर्मियों ने लिया भाग
मेदिनीनगर (पलामू) : राजहरा कोलियरी में नशा मुक्त भारत अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में राजहरा कोलियरी प्रोजेक्ट ऑफिसर विनोद कुमार दीपक सहित कई पदाधिकारियों व कर्मियों ने भाग लिया। मौके पर कार्यक्रम में शामिल सभी लोगों ने हाथ आगे कर नशा नहीं करने की शपथ ली। उपस्थित लोगों ने कहा कि शपथ लेते हैं कि वे किसी भी रूप में किसी भी मादक या नशीला पदार्थ नहीं लेंगे।
दूसरों को भी नशीले पदार्थों से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे। वे नशा मुक्त भारत बनाने की दिशा में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लेते हैं। अपने परिवार, दोस्तों, रिश्तेदारों, पड़ोसियों व अपने संपर्क में आने वाले हर व्यक्ति को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करेंगे।
मौके पर प्रोजेक्ट ऑफिसर विनोद कुमार दीपक ने कहा कि राजहरा एरिया क्षेत्र में नशा मुक्ति भारत अभियान चलाया जा रहा है इसके माध्यम से कोलियरी कर्मियों व क्षेत्र में रहने वाले लोगों को नशा के बारे में जागरूक किया जा रहा है। नशा से एक व्यक्ति नहीं बल्कि पूरा परिवार तबाह हो जाता है। सच ही कहा गया है- नशा का जो हुआ शिकार उजड़ा उसका घर परिवार। इसलिए किसी भी हाल में नशा से बचना चाहिए।
मौके पर राजहरा एरिया की चिकित्सा पदाधिकारी नेहा ने कहा कि चंदवा से शुरू करते हुए लोहड़ा, पंड़वा सहित कई स्कूलों व कोलियरी क्षेत्र में बच्चों व लोगों के बीच नशा मुक्त भारत अभियान चलाया है। विश्वास है कि अभियान से लोग जागरुक होकर नशा का त्याग करेंगे। मौके पर पर्सनल ऑफिसर अरुण कुमार, अभियंता अधीक्षक मुदास्सिर अहमद, असिस्टेंट मैनेजर डीके चौधरी, मैनेजर शुभम कुमार सिंह, जितेंद्र कुमार पांडेय, कमलेश महतो, जनेश्वर महतो, मिथिलेश मल्लाह, पूनम कुमारी, पुष्पा कुमारी, बलराम साव, संतोष कुमार राम, रविंद्र नोनिया, प्रमोद साव आदि शामिल थे।