ताज़ा-ख़बर

अधर्म के नाश के लिए केवल शास्त्र ही नहीं, जरूरत पर शस्त्र की भावना भी जरूरी : देवी कृष्ण प्रिया

रिपोर्ट: Shailendra Tiwary7 घंटे पहलेझारखण्ड

सनातन की मजबूती के लिए एकजुटता जरूरी, गौ हत्या होनी चाहिए बंद

अधर्म के नाश के लिए केवल शास्त्र ही नहीं, जरूरत पर शस्त्र की भावना भी जरूरी : देवी कृष्ण प्रिया

मेदिनीनगर (पलामू) : पलामू जिले के मेदिनीनगर स्थित रेड़मा में नवनिर्मित श्री परशुराम मंदिर में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा समारोह व शिव पुराण कथा में शामिल होने वृंदावन से पहुंचीं कथा वाचिका देवी कृष्ण प्रिया ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए सनातन धर्म की रक्षा व सामाजिक एकजुटता पर जोर दिया। उन्होंने गौहत्या पर रोक लगाने की अपील करते हुए इसे धार्मिक व नैतिक दृष्टि से गंभीर विषय बताया। कहा कि रेड़मा स्थित मंदिर परिसर में प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक शिव पुराण कथा का वाचन किया जा रहा है। यह धार्मिक आयोजन 8 फरवरी तक चलेगा।

देवी कृष्ण प्रिया ने कहा कि अधर्म के नाश के लिए केवल शास्त्र ही नहीं बल्कि आवश्यकता पड़ने पर शस्त्र की भावना भी जरूरी होती है। सनातन धर्म की व्यापकता का उल्लेख करते हुए कहा कि इसे किसी सीमा में बांधा नहीं जा सकता बल्कि यह प्रकृति के प्रत्येक तत्व हवा, जल, प्रकाश व पेड़-पौधों में अनुभूत होता है। उन्होंने वर्तमान सामाजिक स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज देश में धार्मिक आयोजन तो बढ़ रहे हैं, लेकिन लोग उनके संदेश को जीवन में नहीं उतार रहे। कथा सुनने के बाद भी आचरण में बदलाव नहीं आता। इसके कारण नैतिकता का पतन हो रहा है। पाप बढ़ रहे हैं।

भगवान परशुराम द्वारा क्षत्रियों के संहार से जुड़े प्रश्न पर उन्होंने स्पष्ट किया कि भगवान परशुराम ने केवल अधर्मी क्षत्रियों का नाश किया था, धर्म के मार्ग पर चलने वाले क्षत्रियों को कोई हानि नहीं पहुचाई। उन्होंने कहा कि भगवान के 24 अवतारों में से कई के मंदिर तक नहीं हैं, जबकि राम व कृष्ण पूर्ण अवतार होने के कारण व्यापक रूप से पूजे जाते हैं। कहा कि सनातनियों को समाज को वर्गों में बंटने के बजाय आदर्श व उत्कृष्ट बनने की जरूरत है।

कार्यक्रम के दौरान संचालक पंकज गुप्ता ने गौहत्या व गौतस्करी पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि गौमाता की सेवा भारतीय संस्कृति का मूल है। लेकिन दुर्भाग्यवश गौतस्करी की समस्या गंभीर बनी हुई है। इस अवसर पर काशी विश्वनाथ, वाराणसी से आए कर्मकांडी विमल दास जी ने पत्रकारों को सम्मानित कर आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम में परशुराम सेना भार्गव के जिला अध्यक्ष मधुकर शुक्ला, संस्थापक सदस्य अमित तिवारी, अजय तिवारी, मुकेश तिवारी, अभिषेक तिवारी, अरविंद पांडेय, संजीत पांडेय, आशुतोष तिवारी, यजमान कमलेश शुक्ला, सुनील तिवारी, अमित शुक्ला, अप्पू तिवारी, शशि तिवारी, बसन्त तिवारी, अनिमेश शुक्ला, रंजीत तिवारी, अंकित पांडे, मीडिया प्रभारी नीतेश तिवारी, सदस्य हर्ष पांडे, चंचल तिवारी, सुनील तिवारी, आशुतोष शुक्ला सहित कई गणमान्य उपस्थित थे।

इन्हें भी पढ़ें.