टोल वसूली जारी लेकिन चौका-कांड्रा सड़क बदहाल, बाजार समिति ने उपायुक्त से लगाई गुहार
सड़क की हालत से व्यापारी, छात्र और राहगीर परेशान : गुरुचरण साव

सरायकेला : चौका-कांड्रा टोल रोड की जर्जर स्थिति को लेकर एक बार फिर चौका बाजार समिति ने जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया है। बाजार समिति द्वारा उपायुक्त सरायकेला-खरसावां और जिला परिवहन पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की गई। समिति ने आरोप लगाया कि टोल वसूली लगातार जारी है लेकिन सड़क की हालत बीते एक वर्ष से बेहद खराब बनी हुई है। बाजार समिति चौका के लेटर पैड पर दिए गए आवेदन में कहा गया है कि चौका-कांड्रा टोल रोड का निर्माण एवं रखरखाव पीपीई मोड पर जेएआरडीसीएल कंपनी द्वारा किया जाता है। इसके बावजूद सड़क कई जगहों पर पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आए दिन वाहन फंस रहे हैं और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। बारिश के दौरान स्थिति और भी भयावह हो जाती है जब सड़क पर बने गड्ढे तालाब जैसे नजर आते हैं। समिति के महासचिव गुरुचरण साव ने कहा कि सड़क की खराब स्थिति से सबसे अधिक परेशानी स्थानीय दुकानदारों, स्कूली बच्चों और आम राहगीरों को हो रही है। उन्होंने कहा कि भारी वाहनों के लगातार आवागमन से चौका बाजार क्षेत्र में धूल का गुबार फैलता है जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। गुरुचरण साव ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर तीन-चार महीने पहले सांसद, विधायक और अनुमंडल पदाधिकारी को भी ज्ञापन सौंपा गया था लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि जब जनता से नियमित रूप से टोल टैक्स वसूला जा रहा है तो सड़क की मरम्मत और रखरखाव भी समय पर होना चाहिए। सड़क की हालत देखकर लगता है कि कंपनी केवल वसूली पर ध्यान दे रही है। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि उपायुक्त कार्यालय और जिला परिवहन विभाग की ओर से सड़क मरम्मत के लिए जल्द पहल करने का आश्वासन दिया गया है। बाजार समिति ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र मरम्मत कार्य शुरू नहीं हुआ तो स्थानीय लोग आंदोलन करने को बाध्य होंगे। स्थानीय लोगों का कहना है कि चौका-कांड्रा मार्ग औद्योगिक और व्यावसायिक दृष्टि से महत्वपूर्ण सड़क है लेकिन इसकी बदहाल स्थिति प्रशासनिक उदासीनता को दर्शा रही है। अब लोगों की नजर जिला प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।