ताज़ा-ख़बर

मूसलाधार बारिश ने तोड़ा राजडंडा पुल, दर्जनों गांवों का संपर्क बाधित, आवागमन पूरी तरह ठप

रिपोर्ट: VBN News Desk23 घंटे पहलेझारखण्ड

पुल धंसने से नदी किनारे बना खतरनाक रास्ता, एसपी कुमार गौरव के निर्देश पर पुलिस ने संभाला मोर्चा

मूसलाधार बारिश ने तोड़ा राजडंडा पुल, दर्जनों गांवों का संपर्क बाधित, आवागमन पूरी तरह ठप

लातेहार : जिले के महुआडांड़ प्रखंड अंतर्गत राजडंडा क्षेत्र में लगातार हो रही तेज और मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। राजडंडा से दर्जनों गांवों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण पुल तेज बारिश और नदी के उफान की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया है। पुल का एक बड़ा हिस्सा धंसकर टूट गया जिसके कारण इस मार्ग से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है और आसपास के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों के सामने आवागमन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। बताया जा रहा है कि पिछले कई दिनों से महुआडांड़ प्रखंड क्षेत्र में लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है। बीती रात हुई तेज बारिश के बाद नदी में पानी का बहाव काफी तेज हो गया। इसके कारण राजडंडा स्थित पुल का एक हिस्सा धंस गया और सड़क कटकर खाईनुमा स्थिति में तब्दील हो गई। पुल के क्षतिग्रस्त होने से लोगों के लिए पैदल आवाजाही भी बेहद जोखिमपूर्ण हो गई है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि पुल टूटने के कारण रोजमर्रा के कार्यों के लिए आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई गांवों का आपसी संपर्क प्रभावित हुआ है। विशेषकर अंधेरे और तेज पानी के बहाव के दौरान पुल के आसपास की स्थिति बेहद खतरनाक बनी हुई है। घटना की जानकारी स्थानीय ग्रामीणों द्वारा लातेहार के पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव को दी गई। सूचना मिलने के बाद एसपी ने तत्काल महुआडांड़ थाना प्रभारी को मौके पर पहुंचकर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके बाद थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ क्षतिग्रस्त पुल स्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों को पुल के समीप नहीं जाने तथा किसी भी परिस्थिति में इसे पार करने का प्रयास नहीं करने की सख्त हिदायत दी। थाना प्रभारी ने स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों से अपील की है कि वे जान जोखिम में डालकर टूटे पुल को पार करने का प्रयास न करें। लोगों से सुरक्षित और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की गई है। फिलहाल क्षतिग्रस्त पुल के कारण क्षेत्र में आवागमन बाधित है और ग्रामीणों को पुल की शीघ्र मरम्मत अथवा वैकल्पिक व्यवस्था किए जाने का इंतजार है।

इन्हें भी पढ़ें.