दनुआ घाटी में दर्दनाक हादसा: 30 फीट गहरी खाई में गिरी कार, एक की मौत, तीन घायल
सड़क सुरक्षा की अनदेखी पड़ रही भारी, फिर गई एक जान

By Manish Sinha चौपारण(हजारीबाग): चौपारण के कुख्यात दनुआ घाटी में एक बार फिर दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां एक अनियंत्रित कार लगभग 30 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस भयावह दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान बिहार निवासी अमरनाथ रॉय (लगभग 40 वर्ष) के रूप में की गई है।
घायलों में सरिता देवी, बिनोद यादव और आकाश कुमार शामिल हैं, जो सभी बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को एम्बुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चौपारण पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो की हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि कार बरही से गया (बिहार) की ओर जा रही थी।
दनुआ घाटी के खतरनाक ढलान और तीखे मोड़ पर पहुंचते ही चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह हादसा हुआ। दुर्घटना की सूचना मिलते ही चौपारण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य में जुट गई। गौरतलब है कि दनुआ घाटी को स्थानीय लोग “मौत की घाटी” के नाम से जानते हैं।
यहां की संकरी सड़कें, तीखे मोड़ और गहरी खाईयां आए दिन हादसों को दावत देती हैं। बावजूद इसके, अब तक सुरक्षा के ठोस इंतजाम नहीं हो पाए हैं। क्षेत्रवासियों ने घाटी में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, चेतावनी संकेतक लगाने और सड़क सुधार की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।