राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह में दर्दनाक हादसा, वज्रपात की चपेट में आने से 14 वर्षीय छात्र अनीश उरांव की मौत
खेल दिवस समारोह के दौरान बुझ गया मासूम का चिराग, नानी ने स्कूल शिक्षकों पर लगाया लापरवाही का आरोप

चतरा : राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर चतरा जिले से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। स्कूल परिसर में आयोजित खेल दिवस कार्यक्रम के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 14 वर्षीय स्कूली छात्र की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मृतक छात्र के परिजनों में कोहराम मच गया है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक छात्र की पहचान अनीश उरांव (14 वर्ष), पिता बीरबल उरांव के रूप में हुई है। अनीश मूल रूप से रांची के बूटी मोड़ स्थित खेलगांव क्षेत्र का रहने वाला था। वह चतरा में अपने नाना बंधन उरांव और नानी मंजू तिग्गा के घर रहकर उत्क्रमित मध्य विद्यालय (यूएमएस) ढारा में कक्षा सातवीं की पढ़ाई कर रहा था। बताया गया कि गुरुवार को स्कूल परिसर में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी दौरान अचानक मौसम बिगड़ गया और वज्रपात की घटना हुई। आकाशीय बिजली की चपेट में आने से अनीश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल उपचार के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक छात्र की नानी मंजू तिग्गा ने स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के समय स्कूल में कोई शिक्षक मौजूद नहीं था और वहां केवल रसोइया थी। हादसे के बाद बच्चे रो-बिलख रहे थे। नानी का कहना है कि यदि शिक्षक मौके पर मौजूद रहते और समय रहते अनीश को उचित सहायता एवं अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की जाती तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी। हालांकि शिक्षकों की कथित अनुपस्थिति और लापरवाही के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि या स्कूल प्रबंधन का पक्ष सामने नहीं आया है। लगातार सक्रिय मानसून के बीच हुई इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। परिजनों ने मामले की गंभीरता से जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है।