सारण में दर्दनाक सड़क हादसा, पिकअप पलटने के बाद ट्रक ने रौंदा, चार की मौके पर मौत
आर्केस्ट्रा कर्मियों की वापसी बनी हादसे का कारण, कई घायल, जांच में जुटी पुलिस

सारण, बिहार : शहर के भगवान बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत न्यायबस्ती लोहा टोला के समीप बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में दो महिलाओं सहित चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच की बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार एक शादी समारोह में कार्यक्रम प्रस्तुत करने के बाद आर्केस्ट्रा कर्मी डीजे लदे पिकअप वाहन से लौट रहे थे। इसी दौरान डॉक्टर पी.एन. सिंह डिग्री कॉलेज के पश्चिम दिशा में पहुंचते ही तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद वाहन पर सवार कलाकार सड़क पर गिर पड़े। तभी विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया जिससे चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112, भगवान बाजार थाना और रिवीलगंज पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल छपरा सदर अस्पताल भेजा गया जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनकी पहचान की प्रक्रिया जारी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।