ताज़ा-ख़बर

शिमला में दर्दनाक सड़क हादसा, खाई में गिरी कार, पिता-पुत्री की मौत

रिपोर्ट: VBN News Desk1 घंटे पहलेदेश

ननखड़ी-पुनन सड़क पर 200 मीटर नीचे लुढ़की कार, बेटा और चालक गंभीर घायल

शिमला में दर्दनाक सड़क हादसा, खाई में गिरी कार, पिता-पुत्री की मौत

शिमला : हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के ननखड़ी क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिता और उनकी बेटी की मौत हो गई जबकि एक मासूम बच्चे सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा ननखड़ी-पुनन सड़क पर जंगल क्षेत्र में उस समय हुआ जब एक कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस के अनुसार हादसे की जानकारी शनिवार देर रात मिली। बताया जा रहा है कि कार में कुल चार लोग सवार थे और सभी अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पुनन के समीप चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा जिसके बाद कार सड़क से नीचे गहरी खाई में लुढ़क गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही थाना ननखड़ी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घटनास्थल पर सफेद रंग की कार संख्या एचपी-92-1701 बुरी तरह टूटी हुई हालत में मिली। हादसे में 49 वर्षीय कुंदन लाल और उनकी 16 वर्षीय बेटी आकृति की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों ननखड़ी तहसील के शौली क्षेत्र स्थित लौहटी गांव के निवासी थे। मृतका आकृति 11वीं कक्षा की छात्रा बताई जा रही है। वहीं कुंदन लाल का 12 वर्षीय बेटा अरव और कार चालक 55 वर्षीय सतपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार चालक सतपाल जो लौहटी गांव का निवासी है वह वाहन चला रहा था। पुलिस ने चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है। थाना ननखड़ी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125(ए) और 106(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने हादसे की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।

इन्हें भी पढ़ें.