मूसलाधार बारिश के बीच शहीद निर्मल महतो को नमन, प्रो. केपी सोरेन ने प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
निर्मल महतो के संघर्ष और विचारों को किया याद, बोले प्रो. केपी सोरेन- उनके सपनों का झारखंड बनाने को आगे बढ़ेंगे

गम्हरिया : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया स्थित दुर्गा पूजा मैदान में शनिवार को भारी बारिश के बीच शहीद निर्मल महतो का शहादत दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। खराब मौसम के बावजूद झामुमो कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने कार्यक्रम में पहुंचकर शहीद निर्मल महतो को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर झामुमो के वरिष्ठ नेता एवं शिक्षाविद प्रो. केपी सोरेन ने शहीद निर्मल महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। बारिश के बीच भी कार्यक्रम में उपस्थित लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। कार्यकर्ताओं ने शहीद निर्मल महतो के संघर्ष, सामाजिक योगदान और झारखंड आंदोलन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को याद किया। प्रो. केपी सोरेन ने कहा कि शहीद निर्मल महतो ने झारखंड और यहां के लोगों के अधिकार, सम्मान और सामाजिक न्याय के लिए अपना जीवन न्योछावर कर दिया। उनका संघर्ष और विचार आज भी झारखंडवासियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि शहीद के बताए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि आज उनके शहादत दिवस पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी है। उनका संघर्ष और विचार हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। हम उनके सपनों के झारखंड के निर्माण के लिए हमेशा आगे बढ़कर काम करेंगे। कार्यक्रम के दौरान निर्मल महतो की प्रतिमा के समीप स्थापित जमशेदपुर के पूर्व सांसद एवं शहीद सुनील महतो की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया गया। झामुमो कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने दोनों शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। भारी बारिश के बावजूद आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि शहीदों के संघर्ष और योगदान के प्रति लोगों की आस्था और सम्मान आज भी कायम है।