ताज़ा-ख़बर

पलामू के छतरपुर में आहर में डूबने से दो सगे भाई -बहन की हुई मौत

रिपोर्ट:  नीरज कुमार18 घंटे पहलेझारखण्ड

गांव में मातम का है माहौल

पलामू के छतरपुर में आहर में डूबने से दो सगे भाई -बहन की हुई मौत

छतरपुर (पलामू) : छतरपुर थाना क्षेत्र के मुनकेरी पंचायत के मनहु सीमा पर स्थित सुंगराही आहर में डूबने से दो सगे भाई- बहन की मौत हो गई। घटना सोमवार की सुबह लगभग 10 बजे की है। मृतक की पहचान मुनकेरी गांव के रहमत अली के 12 वर्षीया पुत्री शना फैजिया व 10 वर्षीय पुत्र आवेस रजा के रूप में हुई है।

घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि उक्त दोनों बच्चे अपने घर वालों के साथ खेत पर गए थे। वहां धान रोपनी का कार्य चल रहा था। घर वाले धान रोपनी के कार्य में व्यस्त थे। तभी ये दोनों बच्चे पास के ही आहर में नहाने लगे। इस दौरान गहरे पानी में जाने से वे डूब गए।

बताया कि यह सब आहर किनारे पर बैठे तीन अन्य बच्चे देख रहे थे। तीनों ने घर व गांव वालों को घटना के बारे में बताया। मुखिया प्रतिनिधि जहीर अंसारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही इसकी सूचना छतरपुर पुलिस को दी गई । उक्त दोनों बच्चों को लेकर तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल छतरपुर पहुंच गए। चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। बताया कि घटना के बारे में छतरपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी आशीष कुमार साहू को लिखित आवेदन देकर अवगत करा दिया गया है।

इधर प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी आशीष कुमार साहू ने बताया कि संबंधित दस्तावेजों के जांचोंप्रांत सरकार द्वारा निर्धारित मुआवजा दिलवाने की दिशा में प्रयास किया जाएगा। छतरपुर थाना प्रभारी सौरभ कुमार चौबे ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अंत्यपरीक्षण कराने के लिए शव को भेज दिया गया है। इधर परिजनों को रो-रो कर बुरा हाल है। गांव में मातम का माहौल है।

इन्हें भी पढ़ें.