ताज़ा-ख़बर

जमीन के लिए दो बेटों ने की 80 वर्षीय मां की गला घोंटकर हत्या, साक्ष्य मिटाने के लिए शव जलाने का प्रयास

रिपोर्ट: VBN News Desk1 घंटे पहलेअपराध

एमजीएम के बांधडीह टोला में रिश्तों का कत्ल, मां के हस्ताक्षर नहीं करने पर वारदात को दिया अंजाम; दोनों आरोपी गिरफ्तार

जमीन के लिए दो बेटों ने की 80 वर्षीय मां की गला घोंटकर हत्या, साक्ष्य मिटाने के लिए शव जलाने का प्रयास

जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र के बड़ाबांकी पंचायत अंतर्गत बांधडीह टोला में जमीन विवाद को लेकर दो बेटों पर अपनी 80 वर्षीय मां गंगामनी महतो की हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस के अनुसार मां की गला घोंटकर हत्या करने के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव जलाने का भी प्रयास किया गया। मामले में पुलिस ने बुधवार को दोनों आरोपित बेटों रवि महतो और दुर्योधन महतो को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे जमीन का विवाद सामने आया है। जानकारी के अनुसार गंगामनी महतो ने दो शादियां की थीं और दोनों पतियों से उनका एक-एक बेटा है। वह पहले अपनी कई जमीनें बेच चुकी थीं। शेष जमीन पर दोनों बेटों की नजर थी। बताया जाता है कि दोनों जमीन अपने कब्जे में लेकर उसे बेचना चाहते थे जिसके लिए मां के हस्ताक्षर की आवश्यकता थी। हालांकि गंगामनी जमीन से जुड़े कागजात पर हस्ताक्षर करने को तैयार नहीं थीं। इसी बात को लेकर सोमवार शाम घर में मां और बेटों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि इसके बाद रात में दोनों भाइयों ने मिलकर गंगामनी की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात छिपाने के लिए शव जलाने की कोशिश भी की गई। मंगलवार सुबह ग्राम प्रधान को घटना की जानकारी मिली जिसके बाद उन्होंने एमजीएम थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

दोनों आरोपी गिरफ्तार

एमजीएम थाना प्रभारी सचिन दास ने बुधवार को बताया कि जमीन विवाद में दोनों बेटों ने मां की हत्या की है। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान दोनों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों आरोपी पूर्व में भी मारपीट के मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

इन्हें भी पढ़ें.