ताज़ा-ख़बर

बेतला पीएनबी शाखा में केवाईसी को लेकर हंगामा, ग्राहकों ने दुर्व्यवहार का लगाया आरोप

रिपोर्ट: अकरम 2 घंटे पहलेझारखण्ड

फॉर्म की अनुपलब्धता और बिचौलियों की सक्रियता पर सवाल, बैंकिंग नियमों के उल्लंघन की जांच की मांग

बेतला पीएनबी शाखा में केवाईसी को लेकर हंगामा, ग्राहकों ने दुर्व्यवहार का लगाया आरोप

बरवाडीह, लातेहार : लातेहार जिले के बरवाडीह प्रखंड अंतर्गत बेतला स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा इन दिनों विवादों में घिर गई है। खाताधारकों ने केवाईसी (केवाईसी) प्रक्रिया में लापरवाही, फॉर्म की अनुपलब्धता और शाखा प्रबंधक की कथित अभद्र कार्यशैली को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले ने तूल पकड़ लिया है और उच्च स्तरीय जांच की मांग तेज हो गई है। बेतला निवासी आदित्य कुमार ने आरोप लगाया कि छह माह पूर्व केवाईसी अपडेट के लिए जमा किया गया उनका फॉर्म बैंक द्वारा सुरक्षित नहीं रखा गया जिससे उनका केवाईसी लंबित रह गया। दोबारा बैंक पहुंचने पर कथित रूप से उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। उनका कहना है कि शाखा प्रबंधन ने सहयोग के बजाय अपमानजनक टिप्पणी की जिससे वे आहत होकर लौट गए। ग्राहकों का कहना है कि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के दिशा-निर्देशों के अनुसार केवाईसी बैंक की अनिवार्य प्रक्रिया है और संबंधित फॉर्म बैंक परिसर में निःशुल्क उपलब्ध कराया जाना चाहिए। फॉर्म बाहर से खरीदने की मजबूरी पारदर्शिता और उपभोक्ता अधिकारों पर सवाल खड़े करती है। स्थानीय लोगों ने बैंकिंग लोकपाल योजना 2006 एवं उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम के तहत शिकायत दर्ज कराने की बात कही है। साथ ही बिचौलियों की सक्रियता को बैंकिंग नियमों और पारदर्शिता के विरुद्ध बताया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि समय पर केवाईसी न होने से खाते फ्रीज होने का खतरा रहता है जिससे पेंशन, छात्रवृत्ति और सरकारी योजनाओं की राशि प्रभावित होती है। नागरिकों ने जिला प्रशासन और बैंक मुख्यालय से निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।

इन्हें भी पढ़ें.