थाने में युवक की पिटाई का वीडियो वायरल, SP की बड़ी कार्रवाई, नगर थाना प्रभारी लाइन क्लोज
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे थे।

गिरिडीह: नगर थाना में युवक की पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद एसपी डॉ. विमल कुमार ने बड़ी कार्रवाई की है। एसपी ने नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से लाइन क्लोज कर दिया है।
बताया जा रहा है कि 7 सितंबर की रात नगर थाना परिसर में एक युवक के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने जांच के आदेश दिए और प्रथम दृष्टया थाना प्रभारी को जिम्मेदार मानते हुए लाइन क्लोज किया।
हालांकि वीडियो में दिख रहा युवक कौन है और पूरा मामला क्या है, इसकी जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। थाना प्रभारी पर कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा है।