कलकलिया में गोली मारकर ग्रामीण की हत्या, इलाके में फैली दहशत
भादे उरांव पर रामेश्वर उरांव की हत्या का आरोप, जांच में जुटी पुलिस

लातेहार : जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत बालू पंचायत के कलकलिया गांव में रविवार रात गोली मारकर एक व्यक्ति की हत्या किए जाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रामेश्वर उरांव (47) पिता मानते उरांव के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार कलकलिया आंगनबाड़ी केंद्र के समीप भादे उरांव ने कथित रूप से रामेश्वर उरांव को गोली मार दी। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना फैलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई जिसके बाद प्रशासनिक टीम मामले की जांच में जुट गई है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया गया है जहां पोस्टमार्टम रूम में शव रखा गया है। बालू पंचायत के मुखिया संतु उरांव तथा मृतक के चाचा नागदेव उरांव ने घटना की पुष्टि करते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी कर कठोर कार्रवाई करने की अपील की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस सतर्कता बढ़ा दी गई है।
लातेहार से संतोष कुमार की रिपोर्ट