बंदुआ में देव स्थल के चारदीवारी निर्माण से ग्रामीणों में उत्साह
विभागीय कनीय अभियंता शलिम अंसारी ने कार्यों को देख संतुष्ट हो कर आगे के कार्यों को करा रहे लाभुक समितियो को कई निर्देश भी दिए।

मनिका प्रतिनिधी। प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत बंदुआ गांव में स्थित प्राचीन देव स्थल के चारदीवारी निर्माण कार्य से ग्रामीणों में खासा उत्साह है। वर्षों से प्रतीक्षित इस कार्य को कल्याण विभाग द्वारा कराया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के लोगों में खुशी और संतोष का माहौल है। देव स्थल की सुरक्षा और संरक्षण को लेकर लंबे समय से ग्रामीण मांग कर रहे थे, जो अब साकार होती नजर आ रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि देव स्थल क्षेत्र की आस्था, संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है। चारदीवारी के अभाव में यहां आए दिन मवेशियों का प्रवेश, असामाजिक तत्वों की गतिविधियां तथा अन्य समस्याएं उत्पन्न होती रहती थीं। अब चारदीवारी निर्माण से देव स्थल सुरक्षित होगा और श्रद्धालु निश्चिंत होकर पूजा-अर्चना कर सकेंगे।
इस कार्य को लेकर क्षेत्र की जनता, ग्राम प्रधान एवं मुखिया ने कल्याण विभाग के प्रति आभार जताया है। ग्राम प्रधान ने कहा कि यह कार्य न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि इससे गांव की सांस्कृतिक विरासत भी संरक्षित होगी। मुखिया अनिता देवी ने बताया कि चारदीवारी निर्माण से देव स्थल की पहचान और गरिमा और अधिक बढ़ेगी, साथ ही आने वाली पीढ़ियों को अपनी परंपरा में भी मदद मिलेगी।
ग्रामीणों ने बताया कि इस तरह के विकास कार्यों से गांव में सकारात्मक माहौल बनता है और लोगों में आपसी एकता मजबूत होती है। देव स्थल की चारदीवारी बनने से यहां आयोजित होने वाले धार्मिक व सामाजिक कार्यक्रमों को भी व्यवस्थित रूप से संपन्न किया जा सकेगा।
क्षेत्रवासियों का मानना है कि कल्याण विभाग द्वारा किया जा रहा यह कार्य सराहनीय है। इससे न केवल देव स्थल का संरक्षण होगा, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत की एकता भी बरकरार रहेगी। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी इसी तरह गांव के विकास और संरक्षण से जुड़े अन्य कार्य किए जाएंगे, जिससे बंदुआ गांव प्रगति की राह पर आगे बढ़ सके।
वही विभागीय कनीय अभियंता शलिम अंसारी ने कार्यों को देख संतुष्ट हो कर आगे के कार्यों को करा रहे लाभुक समितियो को कई निर्देश भी दिए। मैके पर ग्राम पंचायत के मुखिया अनीता देवी, मुखिया पति सह समाजसेवी भरदुल सिंह ,समाजसेवी रामसेवक उरांव, समाजसेवी दामोदर यादव, राजद प्रखंड अध्यक्ष राजेश्वर यादव ,अरविंद यादव, अजय प्रसाद, अशोक यादव, सीताराम साहू समेत दर्जनों ग्रामीण उपस्थित थे।