ग्राम सभा की अनुमति के बिना कोयला जांच ड्रिलिंग का विरोध, पांच गांवों के ग्रामीणों ने किया उग्र प्रदर्शन
विरोध प्रदर्शन में परहा, पाहन, महंतों, बैगा सहित विभिन्न सामाजिक, पारंपरिक एवं ग्राम स्तरीय प्रतिनिधि शामिल हुए।

संतोष कुमार लातेहार। लातेहार सदर प्रखंड अंतर्गत सासंग पंचायत के सासंग गांव स्थित कोटारी टोला अखड़ा में ओरिएंटल कंपनी द्वारा कराई जा रही कोयला जांच ड्रिलिंग के विरोध में सोमवार को पांच गांवों के ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ग्राम सभा की अनुमति एवं स्थानीय लोगों की सहमति के बिना ड्रिलिंग कार्य कराया जा रहा है,जो संविधान प्रदत्त अधिकारों और ग्रामीणों की भावनाओं के विपरीत है।
विरोध प्रदर्शन में परहा, पाहन, महंतों, बैगा सहित विभिन्न सामाजिक, पारंपरिक एवं ग्राम स्तरीय प्रतिनिधि शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि अनुसूचित क्षेत्र में किसी भी प्रकार की खनिज अन्वेषण या खनन संबंधी गतिविधि प्रारंभ करने से पहले ग्राम सभा की स्वीकृति आवश्यक है। इसके बावजूद ओरिएंटल कंपनी द्वारा कोटारी टोला में ड्रिलिंग मशीन लगाकर कार्य शुरू कर दिया गया है।प्रदर्शन में सासंग, कोटारी, मांजर, कायमा एवं बिश्रामपुर गांवों के हजारों ग्रामीण शामिल हुए। ग्रामीणों ने कहा कि कोयला जांच और संभावित खनन गतिविधियों से क्षेत्र में विस्थापन का खतरा उत्पन्न हो गया है। लोगों को डर है कि भविष्य में उनकी जमीन, जंगल, जल स्रोत और आजीविका प्रभावित हो सकती है।
उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन आदिवासी एवं मूलवासी समुदाय की पहचान और जीवन का आधार है, जिसकी रक्षा हर हाल में की जाएगी।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कंपनी से जुड़े कुछ लोग तथा कथित मुखिया, भू-माफिया और दलाल आंदोलन कर रहे लोगों को धमका रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि विरोध करने वालों को डराने, दबाव बनाने और मारपीट की धमकी देने जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, कथित धमकियों पर कार्रवाई करने तथा ग्राम सभा की अनुमति के बिना चल रहे ड्रिलिंग कार्य पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक एवं निर्णायक रूप दिया जाएगा।