बुढ़वा महादेव मंदिर विवाद पर तीसरे दिन भी धरने पर बैठे गुरुचट्टी के ग्रामीण, विधायक रोशन लाल चौधरी ने की पहल
मंदिर पुनर्निर्माण विवाद में सामाजिक समाधान की कोशिश, दोनों गांवों से शांति बनाए रखने की अपील

रिपोर्ट : अजय कुमार
बड़कागांव : महुदी पहाड़ स्थित प्राचीन बुढ़वा महादेव मंदिर को बचाने और न्याय की मांग को लेकर गुरुचट्टी के ग्रामीणों का अनिश्चितकालीन धरना तीसरे दिन भी जारी रहा। 10 नवंबर से बड़कागांव थाना के समीप बाजार टांड़ में ग्रामीण धरने पर बैठे हैं। इसी क्रम में बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी धरनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों से मुलाकात कर मंदिर पुनर्निर्माण से जुड़े विवाद की जानकारी ली। विधायक ने दोनों गांवों के लोगों से शांति और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि विवाद का समाधान सामाजिक पहल के माध्यम से किया जाना चाहिए। विधायक ने कहा कि जिस तरह गुरुचट्टी के ग्रामीण सामाजिक निर्णय मानने को तैयार हैं उसी तरह कांडतरी के ग्रामीणों को भी सामाजिक निर्णय स्वीकार करने के लिए आगे आना चाहिए। इस विवाद के समाधान के लिए विधायक ने कुशवाहा समाज कर्णपुरा क्षेत्र के अध्यक्ष सह पूर्व मुखिया भीखन महतो और पूर्व मुखिया पारस महतो को सामाजिक पहल की जिम्मेदारी सौंपी। इधर घटना को लेकर कांडतरी और गुरुचट्टी के ग्रामीणों ने बड़कागांव थाने में एक-दूसरे के खिलाफ मारपीट का आरोप लगाते हुए आवेदन दिया है। थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। पुलिस क्षेत्र का माहौल बिगाड़ने वाले लोगों को चिह्नित कर आवश्यक कार्रवाई करने की बात कह रही है। मौके पर मुखिया संघ के प्रखंड अध्यक्ष सह सांसद प्रतिनिधि रंजीत कुमार मेहता, आजसू पार्टी के रामगढ़ जिला अध्यक्ष दिलीप दांगी, केंद्रीय सदस्य संदीप कुशवाहा, शशि कुमार मेहता, दामोदर मेहता, बिंदु दांगी, जयशंकर महतो, बालेश्वर महतो, राकेश कुमार, संतोष महतो, रामधनी महतो और दर्शन महतो सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।