रास्ते के विवाद में खूनी संघर्ष, महिला और उसके दो बेटों पर लाठी-डंडे व लोहे की रॉड से जानलेवा हमला, मां-बेटे गंभीर
मारपीट के दौरान सुनीता देवी का सिर फट गया और उनके बाएं हाथ में गंभीर चोट आई। वहीं, उनके बेटे रोहित यादव के सिर पर भी वार किया गया, जिससे वह घायल हो गया।

लातेहार। लातेहार सदर थाना क्षेत्र के धनकारा पंचायत अंतर्गत मननचोटाग गांव में रास्ते के विवाद को लेकर मारपीट की गंभीर घटना सामने आई है। इस घटना में एक महिला और उसके दो बेटे घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लातेहार में भर्ती कराया गया है। परिजनों के अनुसार, महिला सुनीता देवी और उनके बड़े बेटे रोहित यादव की हालत गंभीर बनी हुई है।घटना के संबंध में सुनीता देवी, पति स्वर्गीय भोला यादव ने लातेहार थाना में लिखित आवेदन देकर प्रयाग यादव समेत छह लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है।
आवेदन में बताया गया है कि 23 नवंबर 2026 की शाम करीब पांच बजे वह अपने खेत से धान का बोझा लेकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान प्रयाग यादव के घर के सामने से गुजरने वाले रास्ते को लेकर विवाद शुरू हो गया।सुनीता देवी का आरोप है कि प्रयाग यादव, मनीष यादव, अजीत यादव, पिंटू यादव, लालू यादव और किसमतिया देवी ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इस दौरान उन्हें डायन कहकर अपमानित भी किया गया। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि घर से लाठी और लोहे की रॉड निकालकर उन पर तथा उनके बड़े बेटे रोहित यादव पर हमला कर दिया गया।
मारपीट के दौरान सुनीता देवी का सिर फट गया और उनके बाएं हाथ में गंभीर चोट आई। वहीं, उनके बेटे रोहित यादव के सिर पर भी वार किया गया, जिससे वह घायल हो गया। मां और बड़े बेटे को बचाने पहुंचे छोटे बेटे संतोष कुमार के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है।घटना के बाद शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। इसके बाद घायलों को लातेहार थाना ले जाया गया, थाना से पुलिस द्वारा उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।सुनीता देवी ने थाना प्रभारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।