कोयलंग परेवातरी में धूमधाम से मनेगी विश्वकर्मा पूजा, समिति ने थाना प्रभारी को दिया निमंत्रण
17 सितंबर को कलश स्थापना व भक्ति जागरण, 18 सितंबर को हवन-पूजा, भोग और प्रतिमा विसर्जन

रिपोर्ट : अजय कुमार
बड़कागांव : प्रखंड अंतर्गत ग्राम कोयलंग परेवातरी में प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी विश्वकर्मा पूजा धूमधाम और भक्तिभाव के साथ मनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। विश्वकर्मा पूजा समिति कोयलंग (परेवातरी) के पदाधिकारियों ने बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह से औपचारिक मुलाकात कर पूजा समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया। इस दौरान समिति के पदाधिकारियों ने थाना प्रभारी को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया। साथ ही उन्हें निमंत्रण पत्र सौंपकर पूजा के अवसर पर प्रसाद ग्रहण करने के लिए आमंत्रित किया। समिति की ओर से आयोजन के दौरान शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर भी चर्चा की गई। समिति अध्यक्ष नारायण राणा ने बताया कि विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 17 सितंबर को विधिवत कलश स्थापना के साथ पूजा की शुरुआत होगी। इसी रात भक्ति जागरण का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु भक्ति संगीत का आनंद लेंगे। उन्होंने बताया कि 18 सितंबर को आरती, खीर-भोग, हवन-पूजा और प्रसाद वितरण का कार्यक्रम होगा। इसके बाद भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा का विधिवत विसर्जन किया जाएगा। आयोजन को लेकर समिति द्वारा तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। समिति पदाधिकारियों ने बताया कि पूजा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। मौके पर अध्यक्ष नारायण राणा, सचिव छोटू कुमार राणा, कोषाध्यक्ष लालू कुमार राणा, उपाध्यक्ष जागेश्वर राणा, पूजा प्रभारी दीपक राणा एवं हेमदेव राणा मौजूद रहे।