वार्ड 17 में बढ़ती चोरी और छिनतई से दहशत, पार्षद नीतू शर्मा ने पुलिस गश्ती बढ़ाने की उठाई मांग
लगातार चोरी और छिनतई की घटनाओं पर नीतू शर्मा सख्त, कहा: सुरक्षा नहीं बढ़ी तो बिगड़ेंगे हालात

आदित्यपुर : नगर निगम के वार्ड संख्या-17 में लगातार बढ़ रही चोरी और छिनतई की घटनाओं को लेकर वार्ड पार्षद नीतू शर्मा ने पुलिस प्रशासन से गश्ती बढ़ाने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने आदित्यपुर थाना प्रभारी को लिखित आवेदन सौंपकर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की अपील की है। अपने आवेदन में नीतू शर्मा ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में वार्ड 17 में चोरी की घटनाओं में तेजी आई है। हरिओम नगर क्षेत्र में करीब 12 घरों से मोटर के तार चोरी हो चुके हैं जबकि काली मंदिर के आसपास साइकिल और अन्य सामान चोरी की घटनाएं सामने आई हैं। इसके अलावा रोड नंबर-5 में हाल के दिनों में दोपहिया वाहन चोरी की घटनाएं भी हुई हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में 6-एलएफ हाउसिंग फ्लैट के एक बंद घर में चोरी की वारदात हुई वहीं सरिता टॉकीज के पास मोबाइल छिनतई की घटनाएं आम हो गई हैं। नीतू शर्मा ने कहा कि लगातार हो रही घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है। यदि समय रहते पुलिस गश्ती नहीं बढ़ाई गई तो अपराधियों के हौसले और बुलंद हो सकते हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि वार्ड 17 में नियमित पुलिस गश्ती सुनिश्चित की जाए, ताकि चोरी और आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। स्थानीय लोगों ने भी पार्षद की इस पहल का समर्थन करते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की है।