ताज़ा-ख़बर

वार्ड पार्षद परितोष बेज पर संपत्ति हड़पने और धमकी देने का आरोप, आदित्यपुर थाना पहुंचा मामला

रिपोर्ट: MANISH 2 दिन पहलेझारखण्ड

बेटी के नाम संपत्ति करो, नहीं तो अंजाम भुगतो: बांकापाड़ा निवासी ने वार्ड पार्षद पर लगाए गंभीर आरोप

वार्ड पार्षद परितोष बेज पर संपत्ति हड़पने और धमकी देने का आरोप, आदित्यपुर थाना पहुंचा मामला

गम्हरिया : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया स्थित आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-07 बांकापाड़ा निवासी देवजित दास ने स्थानीय वार्ड पार्षद परितोष बेज के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए आदित्यपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में वार्ड पार्षद पर संपत्ति हड़पने की कोशिश, धमकी देने और घर पर हंगामा करवाने का आरोप लगाया गया है। देवजित दास के अनुसार वार्ड पार्षद परितोष बेज रिश्ते में उनके ससुर लगते हैं और कई दिनों से अपनी बेटी अर्पिता बेज के नाम पूरी संपत्ति कराने का दबाव बना रहे हैं। आरोप है कि ऐसा नहीं करने पर लगातार जान से मारने की धमकी दी जा रही है। शिकायत के अनुसार 7 मई की शाम करीब साढ़े छह बजे परितोष बेज कथित रूप से गम्हरिया के सबुज चौधरी को लेकर उनके घर पहुंचे। आरोप है कि शराब के नशे में सबुज चौधरी ने घर में घुसकर गाली-गलौज की और मुख्य दरवाजे को धक्का देकर क्षतिग्रस्त कर दिया। देवजित दास ने बताया कि शोर सुनकर जब परिवार के लोग बाहर आए तो उन्होंने किसी तरह स्थिति को शांत कराने की कोशिश की। देवजित का दावा है कि जब वे सबुज चौधरी को कार तक छोड़ने गए तब गाड़ी में वार्ड पार्षद परितोष बेज बैठे हुए थे। आरोप है कि इस दौरान पार्षद ने संपत्ति नहीं करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है।

इन्हें भी पढ़ें.