भाजपा कार्यकर्ता जनसमस्याओं को लेकर लगातार जनता के बीच रहें : बाबूलाल मरांडी
आदिवासी बच्चियों को न्याय दिलाकर रहेंगे, जो आंख दिखायेगा, निकाल लेंगे आंख : डा. शशि भूषण मेहता

मेदिनीनगर (पलामू) : झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी गुरुवार को पांकी प्रखंड के चांपी- फुलवरिया बाजार टांड़ पहुंचे। भाजपा के विशाल आक्रोश महापंचायत कार्यक्रम में विधायक कुशवाहा डॉ. शशि भूषण मेहता के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं व स्थानीय लोगों ने जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, समर्थक व ग्रामीण मौजूद थे।
बाबूलाल मरांडी ने सबसे पहले सकलदीपा गांव में आदिवासी पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिवार के सदस्यों से बातचीत कर उनका कुशलक्षेम पूछा व भमामले की जानकारी ली। इसके बाद वे चांपी- फुलवरिया बाजार टांड़ में आयोजित जनसभा में पहुंचे।
जनसभा को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने क्षेत्र से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों व स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। कहा कि आम जन की समस्याओं को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। सरकार की जिम्मेदारी है कि वह जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराए। उन्होंने राज्य की वर्तमान राजनीतिक व प्रशासनिक परिस्थितियों पर भी अपने विचार रखे। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से जनसमस्याओं को लेकर लगातार जनता के बीच रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठाती रही है। सग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की आवश्यकता है।
पांकी विधायक डॉ शशि भूषण मेहता ने कहा कि आदिवासी बच्चियों को न्याय दिलाकर रहेंगे। जो भी इनपर आंख दिखायेगा, आंख निकाल लेंगे। उन्होंने पीड़ित परिवार को गोद लेने की घोषणा किया। कहा कि परिवार में पांच बच्चियों का पढ़ाई से लेकर शादी तक का खर्च वहन करने का वायदा करते हैं।
कार्यक्रम में चतरा लोकसभा क्षेत्र के सांसद कालीचरण सिंह, भाजपा के प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष अमित तिवारी, भाजपा नेत्री डॉ. लवली गुप्ता सहित पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता व बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।