ताज़ा-ख़बर

शुभम साहू हत्याकांड के विरोध में लोहरदगा बंद का व्यापक असर

रिपोर्ट: Roshan Sahdeo19 घंटे पहलेझारखण्ड

बाजार, बस-ट्रक परिचालन रहा ठप, व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की उठाई मांग,दोनों आरोपी हुए गिरफ्तार

शुभम साहू हत्याकांड के विरोध में लोहरदगा बंद का व्यापक असर

लोहरदगा। युवा व्यवसायी शुभम साहू की हत्या के विरोध में चैंबर ऑफ कॉमर्स के आह्वान पर शनिवार को लोहरदगा जिला बंद का व्यापक असर देखने को मिला। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक अधिकांश बाजार स्वतः बंद रहे। बस, ट्रक एवं अन्य व्यावसायिक वाहनों का परिचालन भी काफी हद तक प्रभावित रहा। हालांकि रांची-लोहरदगा पैसेंजर समेत रेल सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होती रहीं। बंद के दौरान अपर बाजार, मेन रोड, पतराटोली, मिशन चौक, महावीर चौक, बरवाटोली, कचहरी रोड सहित शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में सन्नाटा पसरा रहा। ग्रामीण बाजारों में भी बंद का असर स्पष्ट रूप से देखा गया। व्यापारियों ने एकजुटता दिखाते हुए अपने प्रतिष्ठान बंद रखे और अपराध के खिलाफ नाराजगी जताई। चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों ने कहा कि यह बंद किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि जिले में बढ़ती आपराधिक घटनाओं और व्यापारियों की सुरक्षा की मांग को लेकर आयोजित किया गया। चैंबर अध्यक्ष रितेश कुमार ने कहा कि शुभम साहू की हत्या ने पूरे व्यापारिक समुदाय को झकझोर दिया है। उन्होंने कहा कि समय रहते प्रभावी कार्रवाई होती तो ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता था। बंद को भाजपा, बस-ट्रक ऑनर्स एसोसिएशन, सेवा भारती, सामाजिक विचार मंच तथा सर्राफा व्यवसायी संघ समेत कई सामाजिक और व्यापारिक संगठनों का समर्थन मिला। भाजपा जिलाध्यक्ष अजय कुमार पंकज ने जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की। वहीं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता पर बल दिया। सर्राफा व्यवसायियों ने प्रमुख बाजारों में स्थायी पुलिस पिकेट की स्थापना, नियमित पुलिस गश्त, संदिग्ध वाहनों की सघन जांच तथा नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग उठाई। उन्होंने बताया कि जल्द ही इन मांगों को लेकर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा जाएगा। बंद के दौरान कुछ समय के लिए पावरगंज चौक पर सड़क जाम भी किया गया, जिसे प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद समाप्त कर दिया गया। किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी और प्रशासन पूरे दिन हालात पर नजर बनाए रहा। इधर, शुभम साहू हत्याकांड एवं हालिया लूट के प्रयासों की जांच के लिए गठित एसआईटी लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने बताया कि मामले में आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है। उन्होंने कहा कि मामले से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रेस वार्ता के माध्यम से साझा की जाएगी। चैंबर ऑफ कॉमर्स ने चेतावनी दी है कि यदि व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

इन्हें भी पढ़ें.