ग्राइंडर मशीन से पत्नी की निर्मम हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार, बिरनी पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
घरेलू विवाद ने लिया खौफनाक रूप, सिरमाडीह में महिला की हत्या से सनसनी, थाना प्रभारी की निष्पक्षता पर ग्रामीणों ने जताई चिंता

गिरिडीह : जिले के बिरनी थाना क्षेत्र अंतर्गत भरकट्ठा ओपी के सिरमाडीह गांव में एक हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। शनिवार देर शाम एक पति द्वारा अपनी पत्नी की टाइल्स और मार्बल काटने वाली ग्राइंडर मशीन से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान 55 वर्षीय कुलसी देवी के रूप में हुई है जबकि पुलिस ने आरोपी पति दौलत साव को गिरफ्तार कर लिया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीपीओ सरिया-बगोदर धनंजय कुमार को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद भरकट्ठा ओपी प्रभारी ओमप्रकाश पांडेय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और आरोपी को हिरासत में लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया है। ग्रामीणों के अनुसार दौलत साव और उसकी छोटी बहू के बीच कथित संबंधों को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। इस मुद्दे पर कई बार पंचायत भी हुई लेकिन स्थिति सामान्य नहीं हो सकी। हालांकि पुलिस ने अभी तक इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतका पिछले लगभग पांच वर्षों से लकवा की बीमारी से पीड़ित थी और उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं रहती थी। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि महिला के साथ अक्सर मारपीट की जाती थी तथा उसे समुचित देखभाल भी नहीं मिलती थी। हालांकि इन दावों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि पारिवारिक विवाद और तनाव की जानकारी पहले से स्थानीय स्तर पर मौजूद थी बावजूद इसके समय रहते कोई प्रभावी हस्तक्षेप नहीं किया गया। लोगों का मानना है कि ऐसे संवेदनशील मामलों में थाना स्तर पर निगरानी और त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था मजबूत होनी चाहिए ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं सिरमाडीह गांव में इस दर्दनाक घटना के बाद शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।