जंगली हाथी कुएं में गिरा, वन विभाग ने शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन
रांची के सारयाद गाँव में भटकता हाथी फंसा, जेसीबी और रस्सियों की मदद से निकाले जाने की कोशिश

रांची। जिले के सोनाहातू थाना क्षेत्र के सारयाद गाँव में सोमवार को एक जंगली हाथी कुएं में गिर गया। हाथी की सुरक्षा और उसे बाहर निकालने के लिए वन विभाग ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। स्थानीय लोगों ने बताया कि हाथी भोजन की तलाश में जंगल से भटककर गाँव की ओर आया था। इसी दौरान वह खुले कुएं में गिर गया।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हाथी को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल हाथी सुरक्षित है और उसकी निगरानी की जा रही है।
रेस्क्यू ऑपरेशन में जेसीबी मशीन, रस्सियों और अन्य उपकरणों का उपयोग किया जा रहा है। अधिकारियों ने कुएं के आसपास मिट्टी काटकर रास्ता बनाने और अन्य तकनीकी उपायों पर भी विचार किया जा रहा है, ताकि हाथी को बिना किसी चोट के सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।
वन विभाग ने स्थानीय लोगों से हाथी के पास जाने से बचने की अपील की है और कहा कि रेस्क्यू पूरा होने तक क्षेत्र में सतर्कता बनाए रखें।