बड़कागांव में जंगली हाथियों का उत्पात जारी, टिकरी टांड़ में धान, प्याज और केले की फसल को पहुंचाया नुकसान
फसल बचाने के लिए रातभर जाग रहे किसान, मुखिया ने प्रशासन और वन विभाग से मुआवजे की मांग की

रिपोर्ट : अजय कुमार
बड़कागांव : प्रखंड क्षेत्र में जंगली हाथियों का उत्पात लगातार जारी है। हाथियों के झुंड ने मंगलवार की रात तलसवार पंचायत के टिकरी टांड़ में जमकर उत्पात मचाया और किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाया। इससे क्षेत्र के किसानों में दहशत और चिंता का माहौल है। जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर हाथियों का झुंड तलसवार पंचायत के जोभिया घाटी के नीचे डेरा डाले हुए था। शाम होते ही झुंड धीरे-धीरे तलसवार गांव के टोला टिकरी टांड़ की ओर बढ़ने लगा। रात में हाथियों ने खेतों में लगी फसलों को रौंदने के साथ किसानों द्वारा जमा किए गए धान को भी नुकसान पहुंचाया। इस दौरान किसान अकलू साव और महेंद्र साव के जमा धान को हाथियों ने बिखेरकर बर्बाद कर दिया। वहीं भोला साव की प्याज की गाछी और लालो साव के केले के पौधों को भी क्षति पहुंचाई। इससे एक दिन पहले पलांडू निवासी किसान संजय भुइयां की धान की फसल को भी हाथियों ने नष्ट कर दिया था। लगातार हो रहे नुकसान से किसान परेशान हैं। फसलों की रखवाली के लिए ग्रामीण रातभर जागने को मजबूर हैं। किसानों को केवल फसल ही नहीं बल्कि अपने घरों और मवेशियों की सुरक्षा की भी चिंता सता रही है। हाथियों को भगाने के प्रयास में ग्रामीण अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं।
मुआवजे की मांग
तलसवार पंचायत की मुखिया गीता देवी, पंचायत समिति सदस्य मेघा कुमारी और टिकरी टांड़ निवासी शंकर कुमार ने प्रभावित किसानों की स्थिति पर चिंता जताई है। उन्होंने प्रशासन एवं वन विभाग से हाथियों द्वारा नष्ट की गई फसलों का आकलन कर पीड़ित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।