जंगली हाथियों ने युवक को मार डाला, ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दी
कोडरमा के सतगावां प्रखंड में हाथियों के आतंक से दहशत, ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजे और सुरक्षा की मांग की

कोडरमा – जिले के सतगावां प्रखंड में जंगली हाथियों के आतंक से लोग रविवार को सड़क पर उतर आए और गया-देवघर मुख्य मार्ग को कटैया मोड़ के पास जाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि हाथी लगातार इलाके में आतंक मचा रहे हैं, लेकिन वन विभाग द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही।
शनिवार रात, हाथियों के झुंड ने कटैया गांव के समीप 30 वर्षीय मोहित कुमार (पिता शिवनंदन यादव) को बेरहमी से पटक कर मार डाला। मोहित कुमार अपने परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। ग्रामीणों के अनुसार, पिछले तीन दिनों से हाथियों का झुंड इलाके में विचरण कर रहा था, लेकिन वन विभाग ने उन्हें रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठाया।
पिछले शुक्रवार की रात भी तीन हाथियों के झुंड ने गजहर गांव में भारी उत्पात मचाया था। इस दौरान संजू देवी के घर का दरवाजा तोड़कर करीब 10 क्विंटल अनाज खा लिया और घर के बर्तन व कपड़े तहस-नहस कर दिए। घटना के समय परिवार के लोग दूसरे मकान में सो रहे थे, जिससे बड़ा नुकसान टला।
हाथियों की इस आतंक की वजह से पूरे सतगावां प्रखंड में दहशत का माहौल है और ग्रामीण रात भर पहरा देने को मजबूर हैं। सड़क जाम की सूचना मिलने पर वन विभाग और स्थानीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता और प्रावधानों के तहत मुआवजे का आश्वासन दिया। साथ ही वनरक्षियों को हाथियों को आबादी वाले क्षेत्र से दूर खदेड़ने के निर्देश भी दिए गए।