पार्षद नीतू शर्मा की पहल से दिव्यांग लाभुकों को मिली व्हीलचेयर और कान की मशीन
जरूरतमंदों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता : नीतू शर्मा

आदित्यपुर : नगर निगम वार्ड संख्या 17 की पार्षद नीतू शर्मा लगातार जनसमस्याओं के समाधान और जरूरतमंदों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। मंगलवार को उनकी पहल और सहयोग से दो दिव्यांग लाभुकों को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए। जानकारी के अनुसार आदित्यपुर-2 निवासी सोना देवी को सरकारी योजना के तहत कान की मशीन उपलब्ध कराई गई जबकि गम्हरिया के सतबोहनी स्थित वार्ड संख्या 3 निवासी किरण देवी को व्हीलचेयर प्रदान की गई। सहायक उपकरण मिलने के बाद दोनों लाभुकों और उनके परिजनों ने खुशी जताते हुए पार्षद नीतू शर्मा का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर नीतू शर्मा ने कहा कि जरूरतमंद और दिव्यांग लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कई बार जानकारी के अभाव में पात्र लोग योजनाओं से वंचित रह जाते हैं इसलिए जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे लोगों को जागरूक करें और उन्हें लाभ दिलाने में सहयोग करें। उन्होंने यह भी कहा कि वे अपने वार्ड के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों के लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए भी लगातार प्रयासरत हैं। पार्षद की इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।