अवैध बालू लदे ट्रैक्टर की टक्कर से महिला की मौत, चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार
पलाशडीह में बालू परिवहन पर उठे सवाल, ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग की

कुकड़ू : सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत पलाशडीह गांव में गुरुवार अहले सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 50 वर्षीय आमोति महतो की मौत हो गई। मृतका स्वर्गीय निबारण महतो की पत्नी थीं। बताया जा रहा है कि अवैध बालू परिवहन में लगे एक ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार उस समय तीन बालू लदे ट्रैक्टर गांव में पहुंचे थे। इनमें से दो ट्रैक्टरों ने मृतका के घर के सामने बालू गिराया जबकि एक ट्रैक्टर बालू लेकर वापस लौट गया। इसी दौरान एक ट्रैक्टर की चपेट में आने से आमोति महतो की जान चली गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि अंधेरा होने के कारण हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध बालू परिवहन जारी है लेकिन इस पर प्रभावी रोक नहीं लगाई जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच, दोषी चालक की शीघ्र गिरफ्तारी तथा अवैध बालू परिवहन पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।