ताज़ा-ख़बर

आकाशीय बिजली गिरने से युवती की मौत

रिपोर्ट: VBN News Desk5 घंटे पहलेझारखण्ड

पोटका के हेंसलबिल गांव में हुई घटना, सीएचसी पहुंचने पर चिकित्सकों ने किया मृत घोषित

आकाशीय बिजली गिरने से युवती की मौत

पूर्वी सिंहभूम। जिले के पोटका प्रखंड में गुरुवार को मौसम के अचानक खराब होने के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक युवती की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार पोटका थाना क्षेत्र के हेंसलबिल गांव निवासी मुस्कान हांसदा गुरुवार दोपहर अपने घर के समीप खड़ी थी। इसी दौरान क्षेत्र में तेज गर्जना के साथ मौसम खराब हो गया और अचानक आकाशीय बिजली गिरने से वह गंभीर रूप से झुलस गई तथा मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ी।

घटना के बाद परिजन और ग्रामीण उसे तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पोटका लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवती की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातम छा गया।

घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने पोटका थाना पुलिस एवं अंचल प्रशासन को दे दी है। प्रशासनिक स्तर पर मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

ग्रामीणों ने मृतका के परिजनों को सरकारी प्रावधानों के तहत उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य है, ऐसे में प्रशासन को तत्काल राहत सहायता प्रदान करनी चाहिए।

उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी की मार झेल रहे क्षेत्र में गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवा, बादल और गरज-चमक के बीच हुई इस दुखद घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

इन्हें भी पढ़ें.