मोबाइल पर धमकी देकर मांग रहा था रंगदारी, देवघर का युवक गिरफ्तार
कोल कंपनियों और व्यवसायियों को लेवी कॉल करने वाला आरोपी जेल भेजा गया

बड़कागांव : विभिन्न कोल कंपनियों के अधिकारियों और स्थानीय व्यवसायियों को मोबाइल फोन पर धमकी देकर रंगदारी मांगने के आरोप में बड़कागांव पुलिस ने एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मामले को साइबर अपराध और संगठित लेवी वसूली से जुड़ा गंभीर मामला बताया है। इस संबंध में बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने बताया कि बड़कागांव थाना कांड संख्या 62/26 दिनांक 24 अप्रैल 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(3), 308(4) एवं 111(2)(बी) के अंतर्गत अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। शिकायत में मोबाइल फोन के माध्यम से धमकी देकर लेवी मांगने का आरोप लगाया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। तकनीकी सेल की मदद से मोबाइल नंबरों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी की पहचान करने में सफलता मिली। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोहम्मद मेराज (22 वर्ष), पिता मोहम्मद नौशाद, ग्राम कलहाजोर, थाना बुढ़िया, जिला देवघर निवासी युवक को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी के अनुसार आरोपी को काफी मशक्कत के बाद पकड़ा गया। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजते हुए हजारीबाग जेल भेज दिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किसी बड़े गिरोह से जुड़ा हुआ है या नहीं तथा उसके साथ अन्य लोग भी इस अवैध वसूली नेटवर्क में शामिल थे। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में रंगदारी और साइबर अपराध पर सख्त निगरानी रखी जा रही है तथा ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
बड़कागांव से अजय कुमार की रिपोर्ट