एनएच 522 पर भीषण दुर्घटना: पेड़ से टकराकर अनियंत्रित कार दुर्घटनाग्रस्त
विष्णुगढ़ के युवक की मौके पर ही मौत

टाटीझरिया/विष्णुगढ : विष्णुगढ़-बगोदर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच 522) स्थित चलानिया जंगल के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना शुक्रवार की है। मृतक की पहचान विष्णुगढ़ निवासी परमेश्वर साव के 35 वर्षीय पुत्र प्रकाश साव के रूप में हुई है। इनका पैतृक निवास टाटीझरिया प्रखंड में डहरभंगा पंचायत के ग्राम घुघुलिया है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, प्रकाश साव अपनी स्विफ्ट डिजायर कार से विष्णुगढ़ से बगोदर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान चलनिया जंगल के समीप कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जंगल में जा घुसी और तेज़ रफ़्तार में पेड़ों से टकरा गई। कार के पिछले और आसपास के क्षतिग्रस्त हिस्से को देखकर यह आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात भारी वाहन ने कार को पीछे से जोरदार टक्कर मारी होगी।
टक्कर लगने के बाद कार का संतुलन बिगड़ गया और वह बेकाबू होकर जंगल में जा घुसी। पेड़ों से सीधी भिड़ंत होने के कारण कार के परखच्चे उड़ गए और चालक प्रकाश साव की मौके पर ही जान चली गई। घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस और स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है।