प्रेम-विवाद में युवक की हत्या, कंकाल बरामद, 1 गिरफ्तार
महिला पहले से विवाहित और 3 बच्चों की मां है, जिससे ससुराल वाले विरोध कर रहे थे।

गिरिडीह: जिले के पीरटांड़ थाना क्षेत्र से 20 जून को लापता हुए शंकर कुमार सिंह उर्फ बिन्दु की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसपी डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर गठित SIT ने आरोपी चंदन कुमार भोक्ता को गिरफ्तार किया। पूछताछ में चंदन ने बताया कि प्रेम प्रसंग को लेकर हुए विवाद में उसने शंकर की हत्या की। आरोपी के अनुसार शंकर उस पर सोनियां नामक महिला से शादी का दबाव बना रहा था।
महिला पहले से विवाहित और 3 बच्चों की मां है, जिससे ससुराल वाले विरोध कर रहे थे। 20 जून को चंदन शंकर को धनबाद में सोनियां से मिलवाने के बहाने बाइक पर ले गया। टुंडी थाना क्षेत्र के बसहा जंगल में पहले पत्थर से सिर पर वार किया, फिर गमछे से गला दबाकर हत्या कर शव छिपा दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर जंगल से मानव कंकाल, गमछा, चप्पल, कपड़े, चाकू और मोबाइल बरामद किया। 1 जुलाई को पिता हृदय नारायण सिंह के आवेदन पर पीरटांड़ थाना में कांड 22/26 दर्ज था। नामजद सोनियां कुमारी को प्रयागराज से लाकर पूछताछ की जा रही है।